
बांसवाड़ा के सबसे बड़े महात्मा गांधी (एमजी) सरकारी हॉस्पिटल में मंगलवार को तकनीकी खामी के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।हॉस्पिटल के ओपीडी काउंटर पर अचानक सर्वर डाउन हो गया, जिससे रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी तरह ठप हो गई। देखते ही देखते ओपीडी ब्लॉक में मरीजों और उनके परिजनों की लंबी लाइन लग गईं।सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ थी, लेकिन सर्वर नहीं चलने के कारण कंप्यूटर से पर्चियां निकलना बंद हो गईं। काफी देर तक लाइन में खड़े रहने के बाद जब मरीजों का सब्र टूट गया तो प्रशासन हरकत में आया।व्यवस्था को बिगड़ता देख अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत ऑफलाइन पर्ची काटने के निर्देश दिए। फिलहाल कर्मचारियों द्वारा साधारण पर्ची पर नंबर लिखकर मरीजों को दिया जा रहा है, जिससे उनका इलाज शुरू हो सके।बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए पीएमओ ने स्थिति का जायजा लिया। पीएमओ ड़ॉ. दिनेश माहेश्वरी ने बताया की सर्वर डाउन होने की वजह से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में समस्या आई है। मरीजों को राहत देने के लिए हमने ऑफलाइन पर्ची की व्यवस्था शुरू कर दी है। साथ ही, मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए कल से वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अलग काउंटर शुरू किया जाएगा, ताकि उन्हें भीड़ में परेशान न होना पड़े।मरीजों का कहना है कि सर्वर डाउन होने से उन्हें लंबे समय तक तक खड़ा रहना पड़ा। खासतौर पर दूर-दराज के गांवों से आए मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऑफलाइन व्यवस्था शुरू होने से कुछ राहत तो मिली है।

17 Feb 2026